नेरचौक (मंडी)। नगर परिषद नेरचौक बनने के बाद पहली बार लोगों के घर सीवरेज लाइन से जुड़ेंगे। साथ ही क्षेत्र में पेयजल की दिक्कत भी समाप्त होगी। विभाग ने इसके लिए 86 करोड़ रुपये की योजना तैयार की है। सीवरेज योजना पर 51 करोड़ रुपये और पेयजल योजना पर 35 करोड़ खर्च किए जाएंगे।
इससे नगर परिषद क्षेत्र में सीवरेज सुविधा और पेयजल योजना को बेहतर बनाने के लिए कार्य किया जाएगा। योजना के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। दोनों योजनाओं के डिजाइन का फिर से सर्वे किया जाएगा। सर्वे पूरा होते ही योजना पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। योजना के तहत मेन सीवरेज लाइन बिछाने वाली पाइप पहुंच गई है। इसके बाद वितरण, मेनहोल चैंबर, हाउस कनेक्शन चैंबर और पंप हाउस बनाए जाएंगे। सीवरेज योजना का ट्रीटमेंट प्लांट जरलू मुहाल में बनाया जाएगा। वहीं नगर परिषद नेरचौक क्षेत्र में 35 करोड़ रुपये पेयजल योजनाओं के सुधार पर खर्च किए जाएंगे। इनमें नए पंप हाउस, वाटर स्टोरेज टैंक, फिल्टर बेड, नई राइजिंग लाइन आदि कार्य किए जाएंगे।
........
नगर परिषद नेरचौक में सीवरेज और पेयजल योजना पर करीब 86 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उपमंडल की सभी योजनाओं को बेहतर बनाने के लिए भी कार्य किया जाएगा ताकि लोगों को पेयजल और सिंचाई सुविधा समय पर मिल सके।
-संदीप चौधरी, अधिशासी अभियंता, जल शक्ति मंडल बग्गी