सुंदरनगर के बीएसएल थाना के एएसआई को फोन पर महिला के साथ आशिकी करना महंगा पड़ा। महिला ने एएसआई को घर बुला कर पहले तो उसकी खातिरदारी की, जब वह अश्लील हरकतें करने लगा तो महिला ने पति के साथ तवे व डंडे से खूब धुनाई कर दी। दंपति की आवाज सुन कर ग्रामीण एकत्र होने लगे तो एएसआई जान बचा कर रात के अंधेरे में नाले में कूद कर भाग गया।
उसका पीछा करने पर जब वह हाथ न लगा तो ग्रामीणों ने उसकी कार में खूब तोड़फोड़ की। महिला की शिकायत पर रात को ही बीएसएल थाना प्रभारी भीमसेन दल के साथ पहुंचे और महिला का बयान दर्ज कर आरोपी एएसआई के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। सूचना मिलने पर एएसपी मंडी कुलभूषण वर्मा भी मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया।
उधर, एएसआई की इस हरकत से शर्मसार पुलिस की लाज बचाने के लिए उसे लाइन हाजिर कर दिया गया है। एएसआई की इस हरकत पर पंचायत प्रधान लोरमा देवी व बीडीसी सदस्य लेखराज ने कड़ी निंदा करते हुए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार सुंदरनगर के अप्पर बैहली पंचायत के एक गांव की महिला व उसके सुसराल पक्ष में किसी बात को लेकर विवाद था। दोनों पक्ष शिकायत लेकर बीएसएल थाना पहुंचे। वहां से लौटने पर पीड़ित महिला के अनुसार एएसआई रामलाल ने उसे फोन किया तथा उसके पक्ष में समझौता करने की बात कही। इस दौरान उसने अश्लील बातें भी कही। पति के लौटने के बाद उसने एएसआई से बातचीत का पूरा ब्योरा बताया। उसके बाद कई बार एएसआई ने उसे फोन किया।
शनिवार को एएसआई ने करीब तीन बजे फोन कर रात को महिला के घर खाना खाने की बात कही। रात को जब एएसआई चुपचाप उसके घर पहुंचा तो महिला ने उसे खाना खिलाया। उसके बाद एएसआई लाइट बंद कर महिला के साथ छेडख़ानी करने लगा तो महिला ने वहां रखा तवा उठाया तथा ताबड़तोड़ उस पर हमला कर दिया। जब भागने लगा तो महिला का पति भी उसकी पिटाई कर दी। जब एएसआई कार में बैठ कर भागने लगा तो महिला ने कार पथराव शुरू कर दिया। उसके बाद वह नाले की ओर भाग निकला।
बीएसएल थाना प्रभारी भीमसेन ने बताया पुलिस ने महिला की शिकायत पर एएसआई के खिलाफ भादसं की धारा 451 व 354 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, आरोपी एएसआई ने भी थाना में शिकायत दे उसे बुला कर साजिश के तहत मारपीट करने करने की बात कही है। इधर, एएसपी मंडी कुलभूषण वर्मा ने बताया मामले की जांच प्रभावित न हो इसलिए आरोपी एएसआई रामलाल को लाइन हाजिर कर दिया गया है।