अटल टनल से दारचा तक मस्ती कर रहे सैलानी, एक-दूसरे पर फेंक रहे बर्फ के गोले
जगह जगह लग रहा है जाम, टायर ट्यूब और स्कीइंग का भी आनंद उठा रहे पर्यटक
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। बर्फबारी के बाद अब पर्यटक लाहौल-स्पीति जिले के पर्यटन स्थलों का दीदार कर सकेंगे। सड़क से बर्फ हटते ही सभी तरह के पर्यटक वाहनों को घाटी में प्रवेश करने की अनुमति प्रशासन ने दे दी है।
शुक्रवार से पर्यटक सामान वाहनों में घाटी पहुंचने शुरू हो गए हैं। हालांकि, इससे पहले सिर्फ फोर-वाई-फोर वाहनों को अटल टनल रोहतांग होकर लाहौल की ओर जाने दिया जा रहा था, लेकिन अब पर्यटकों के सामान्य वाहनों को भी घाटी जाने की अनुमति दे दी है। ऐसे में अटल टनल रोहतांग के नाॅर्थ पोर्टल से दारचा तक जगह-जगह पर्यटकों का जमावड़ा लगा रहा। पर्यटक बर्फ की परत पर अठखेलियां करते नजर आए। उन्हें एक-दूसरे पर बर्फ के गोले फेंकने के साथ टायर ट्यूब, स्कीइंग आदि का आनंद उठाते देखा गया। वीकेंड पर कुल्लू, मनाली और सैलानियों की संख्या बढ़ रही है।
अधिक वाहनों के घाटी में प्रवेश करने के चलते जगह-जगह जाम की स्थिति भी बनी रही। इसमें पर्यटकों को हालांकि परेशानी का भी सामना करना पड़ा, लेकिन बर्फ के बीच अठखेलियों ने उन्हें काफी आनंदित किया।
जिला परिषद सदस्य कुंगा बौद्ध ने उपायुक्त से मुलाकात कर घाटी में पर्यटक वाहनों की आवाजाही की सिफारिश की थी। इसके बाद डीसी ने शुक्रवार से पर्यटक वाहनों को घाटी में प्रवेश करने की अनुमति दी। कुंगा बौद्ध ने बताया कि प्रशासन ने अब पर्यटकों के सामान्य वाहनों की आवाजाही की अनुमति दे दी है। इस कारण शुक्रवार को पर्यटक वाहन दारचा तक पहुंचे। इस दौरान अटल टनल नाॅर्थ पोर्टल, सिस्सू, दालंग, गोंदला, तांदी सहित दारचा आदि स्थानों में मस्ती की।
उपायुक्त राहुल कुमार के अनुसार सुबह और शाम के समय अभी सड़क पर बर्फ जमा जाने के कारण वाहनों को परेशानी हो रही है, लेकिन दिन के समय वाहन घाटी आ जा सकते हैं। उन्होंने पर्यटकों से आग्रह किया है कि वह समय रहते अटल टनल के रास्ते में सफर करें।