नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर गायनी ओपीडी में अपनी बारी का इंतजार करती महिलाएं। स्त्रोत- जागरूक प
जोगिंद्रनगर (मंडी)। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में सोमवार को अचानक मरीजों की भीड़ उमड़ते ही व्यवस्थाएं धड़ाम हो गईं। पर्ची कक्ष के बाहर बुजुर्ग धक्के खाने को मजबूर हुए। मुख्य ओपीडी में मरीजों की भीड़ के चलते गंभीर मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
200 से अधिक मरीजों का पंजीकरण दोपहर तक हो जाने के बाद मरीजों की चहलकदमी देर शाम तक जारी रही। इस दौरान सर्दी, खांसी, वायरल फीवर से ग्रस्त मरीजों को सामान्य ओपीडी में आंशिक परेशानी भी झेलनी पड़ी।
सोमवार को गायनी ओपीडी में भी महिला मरीजों की भीड़ अधिक होने से गर्भवती महिलाएं परेशान रहीं। कुछ महिलाएं सीढि़यों पर बैठकर अपनी बारी की राह ताकती रहीं। फर्श में बैठकर महिलाओं का इंतजार भी परेशानियों का सबब बना रहा। यहां पर करीब सौ महिलाएं स्त्री रोगों की जांच के लिए पहुंची थीं। इस दौरान ओपीडी में मौजूद एकमात्र गायनी विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहीं।
अस्पताल के एसएमओ डॉ. विकास नाथ ने कहा कि मरीजों की अधिक भीड़ के बावजूद बेहतर स्वास्थ्य लाभ दिलाने के लिए चिकित्सक ओपीडी और आपात सेवाओं में तैनात रहे। वहीं, सीएमओ डॉ. दीपाली शर्मा ने बताया कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती के लिए प्रयासरत हैं।