27 अगस्त तक ऑफलाइन जमा होंगे आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) मंडी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीएचडी कार्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में रिक्त सीटों पर नियमित मोड के तहत ऑफलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन पत्र 27 अगस्त तक डीन अकादमिक अफेयर्स कार्यालय में जमा किए जा सकेंगे।
यूजीसी-नेट, यूजीसी-सीएसआईआर नेट, गेट, सीईईडी अथवा यूजीसी से मान्यता प्राप्त अन्य राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में पात्र अभ्यर्थी पीएचडी प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। यूजीसी-नेट की श्रेणी-1 (जेआरएफ) में सफल अभ्यर्थियों का चयन केवल साक्षात्कार (वाइवा-वोसे) के आधार पर किया जाएगा। इसमें टेस्ट कंपोनेंट के लिए अधिकतम 70 अंक तथा साक्षात्कार के लिए 30 अंक निर्धारित किए गए हैं। कुल 100 अंकों के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार होगी।
वहीं, यूजीसी-नेट की श्रेणी-2 और श्रेणी-3 के अभ्यर्थियों की मेरिट 70:30 के अनुपात में तैयार होगी। इसमें राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा के प्राप्त अंकों को 70 प्रतिशत तथा विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित साक्षात्कार को 30 प्रतिशत प्राथमिकता (वेटेज) दिया जाएगा।
बाक्स
डीन अकादमिक अफेयर्स एसपीयू पवन कुमार चांद ने बताया कि आवेदन पत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है। निर्धारित आवेदन शुल्क और सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ विधिवत भरा हुआ ऑफलाइन आवेदन पत्र 27 अगस्त तक डीन अकादमिक अफेयर्स कार्यालय में जमा करना होगा। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।