शहर के मगवाईं वार्ड-12 में आपकी आवाज कार्यक्रम में लोगों ने अपनी समस्याओं को उठाया। वार्ड के लोग सीवेरज की दुर्गंध और नालों में फैली गंदगी, पैदल रास्तों में टूटी रेलिंग, स्ट्रीट लाइट न होने, सुकेती खड्ड में सरेआम की जा रही मलबे की डंपिंग और लावारिस पशुओं की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष उठाया।
वार्ड के ठीक सामने नेशनल हाईवे व रामनगर बाईपास रोड से जगह-जगह से मलबे को सुकेती खड्ड में फेंका जा रहा है। जिससे लोगों की नींद हराम है। खड्ड के किनारे सीवरेज लाइन की लीकेज की और चैंबरों से गंदगी रास्तों पर बहने से लोग तंग हैं। सोमवार को हिमाचल के नंबर अखबार अमर उजाला की ओर से आपकी आवाज अभियान के तहत विश्वकर्मा मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मगवाईं वार्ड के लोगों ने अपने मोहल्ले की समस्याओं को उठाया।
वार्ड में सीवेरज समस्या को लेकर लोगों में भारी रोष दिखा। मगवाईं वार्ड के नीचे बह रही सुकेती खड्ड में सीवरेज की गंदगी जा रही है। छह साल बाद भी सीवरेज की नई पाइपें बिछाने का काम आधा अधूरा पड़ा है। अपर मगवाईं में भी स्ट्रीट लाइटें जुगाड़ तंत्र से चल रही हैं। लोगों की समस्या सुनने के बाद नगर परिषद मंडी के उपाध्यक्ष विशाल और नप अधिकारियों ने अमर उजाला टीम के साथ मौके जाकर लोगों की समस्या का जायजा लिया।