एसपीयू ने यूजी के लिए 31 अगस्त तक बढ़ाई प्रवेश की तिथि
विद्यार्थियों के विशेष आग्रह पर विश्वविद्यालय ने दी बड़ी राहत
अब नहीं बढ़ेगी तिथि, 31 अगस्त तक पूरी करनी होंगी सभी औपचारिकताएं
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी ने काॅलेजों में दाखिलों से छूटे विद्यार्थियों को एक और मौका प्रदान करते हुए प्रवेश की तिथि को बढ़ाया है। अब यूजी के छात्र-छात्राएं 31 अगस्त तक दाखिला ले सकते हैं। इस दौरान उन्हें 31 अगस्त तक सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि इसके बाद तिथि को नहीं बढ़ाया जा सकता है। एसपीयू प्रबंधन के मुताबिक विद्यार्थियों के बार-बार आग्रह पर यह तिथि बढ़ाई गई है, ताकि किसी भी कारणवश कोई विद्यार्थी प्रवेश से वंचित न रह जाए।
विद्यार्थियों ने हवाला दिया था कि जमा दो की परीक्षा के बाद कई विद्यार्थियों के रिजल्ट, पूर्नमूल्यांकन सहित कई अन्य कारणों के चलते वे कॉलजों में दाखिले नहीं ले पाए थे, ऐसे में उनके लिए दाखिलों की तिथि बढ़ाई जाए। उधर, एचपीयू ने भी दाखिलों की तिथि बढ़ाई है तो उसी के तहत एसपीयू ने भी तिथि को बढ़ाया है। एसपीयू के तहत तीन जिलों मंडी, कुल्लू, लाहौल स्पीति के 28 डिग्री कॉलेज हैं। हालांकि बीएड कॉलेजों को मिलाकर कुल 46 कॉलेज एसपीयू के अधीन हैं। इस बारे में एसपीयू के परीक्षा नियंत्रक ई सुनील वर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को विशेष राहत देते हुए प्रवेश की तिथि को 31 अगस्त तक बढ़ाया है। कहा कि अब तिथि को किसी भी सूरत में नहीं बढ़ाया जाएगा।