जिला पंचायत अधिकारी ने जारी की अधिसूचना, 577 ग्राम पंचायतों में निर्धारित तिथियों पर होंगी ग्राम सभाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जिले की 577 ग्राम पंचायतों में वर्ष 2026-27 की ग्राम सभाओं का वार्षिक कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। पहली ग्राम सभा की बैठकें पांच जुलाई से शुरू होंगी। जिला पंचायत अधिकारी ने हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम, 1994 (संशोधित) की धारा 5(1) के तहत अधिसूचना जारी कर जिले के सभी 14 विकास खंडों की ग्राम पंचायतों के लिए बैठक की तिथियां निर्धारित की हैं।
अधिसूचना के अनुसार ग्राम सभाओं की बैठकें 5 जुलाई, 12 जुलाई, 19 जुलाई, 26 जुलाई, 2 अक्तूबर 2026 तथा 3 जनवरी, 10 जनवरी, 17 जनवरी और 24 जनवरी 2027 को संबंधित ग्राम पंचायतों में आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक विकास खंड की ग्राम पंचायतों के लिए बैठक की तिथियां अलग-अलग निर्धारित की गई हैं।
जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विकास खंड की ग्राम पंचायतों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ग्राम सभाओं का आयोजन सुनिश्चित करें।