टिकट न मिलने के बाद हुए बागी तेवर
अलकनंदा बोलीं, सीट जीत कांग्रेस की झोली में डालूंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। नगर निगम मंडी में नामांकन प्रक्रिया समाप्त होते ही बागी सुर तेज होने लगे हैं। टिकट से वंचित दावेदार अब खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। वार्ड नंबर 12, भगवाहन से कांग्रेस का टिकट न मिलने से नाराज पूर्व कांग्रेस प्रवक्ता आकाश ने बतौर निर्दलीय उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर दिया है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों पर सीधे निशाना साधते हुए अपनी उपेक्षा का आरोप लगाया। आकाश ने कहा कि वह लंबे समय से पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं, लेकिन इस बार भी उन्हें टिकट नहीं दिया गया। उनका परिवार वर्षों से कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ा रहा है। उनके पिता नगर परिषद के अध्यक्ष और माता पार्षद रह चुकी हैं। चेतावनी भरे लहजे में आकाश ने कहा कि 17 मई के बाद वह सार्वजनिक रूप से बड़े खुलासे करेंगे। उनका दावा है कि वह पार्टी के कुछ पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली को उजागर करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वार्ड के लोगों की भावना का सम्मान करते हुए ही उन्होंने टिकट के लिए आवेदन किया था, जिसकी रसीद उनके पास मौजूद है।
इधर, नगर निगम के सबसे बड़े खलियार वार्ड से कांग्रेस का टिकट न मिलने से नाराज अलकनंदा हांडा ने कहा कि पार्टी की अपनी मजबूरियां होती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वह निगम चुनाव में सीट जीतकर कांग्रेस की झोली में डालेंगी।