सुंदरनगर/डैहर (मंडी)। किरतपुर-मनाली फोरलेन में भवाणा टनल पांच के साथ दवारड़ू को जोड़ने वाले क्षतिग्रस्त रास्तों को बनाने में लापरवाही पर ग्रामीणों ने रोष जताया है। भवाणा में पुल के साथ दवारड़ू सड़क के लिए की गई कटिंग से रास्ते का नामोनिशान मिट चुका है। यह रास्ता दो पंचायतों से जुड़ता है।
रविवार को दवारड़ू गांव में मंदिर कमेटी के सचिव दिले राम की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें राहुल, चंदो देवी, निक्कू, रोशन लाल, चुनी लाल आदि ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं पर चर्चा कर आगामी रणनीति बनाई। ग्रामीणों ने बताया कि दवारड़ू का दूसरा रास्ता बाली खड्ड से होकर निकलता है लेकिन पुल के निर्माण से यह रास्ता क्षतिग्रस्त हो गया है। ग्रामीण खराब रास्ते से आवाजाही करते हैं।
चुनी लाल ने कहा कि दवारड़ू से बाली की ओर से सड़क को जोड़ने वाला रास्ता खराब है। हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि टनल की ओर से दवारड़ू पहाड़ी से फाेरलेन बनने से रुक-रुक कर भूस्खलन होता रहता है। ग्रामीणों ने रास्ते के निर्माण की प्रशासन और सरकार से मांग की है। दिले राम ने बताया कि सुंदरनगर के एसडीएम अमर नेगी को इस संबंध में दोबारा मांग पत्र सौंपा है।
...
ग्रामीणों ने फोरलेन से क्षतिग्रस्त रास्तों को बनाने के लिए मांग पत्र दिया है। इस संबंध में कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
-अमर नेगी, एसडीएम सुंदरनगर
000