जिला परिषद सदस्य अनिल ने डीसी को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरचौक (मंडी)। नेरचौक नगर परिषद की कंसा डंपिंग साइट पर कथित अव्यवस्थित कूड़ा प्रबंधन को लेकर ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। गोडा-गागल वार्ड के जिला परिषद सदस्य अनिल सैनी ने ग्रामीणों के साथ उपायुक्त मंडी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि नगर परिषद वैज्ञानिक तरीके से कचरे का निस्तारण करने के बजाय गीले कचरे को जमीन में दबा रही है, जिससे पर्यावरण और लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा पैदा हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि लाखों रुपये की मशीनें खरीदे जाने के बावजूद उनका सही उपयोग नहीं हो रहा और कूड़ा प्रबंधन पर हर महीने लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने डंपिंग साइट का निरीक्षण कर दुर्गंध फैलने और भूजल प्रदूषण का खतरा बढ़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि शिकायतों के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण विभाग से संयुक्त जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों की जवाबदेही तय करने की मांग की। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।