गोहर (मंडी)। विकास खंड बालीचौकी की नौ पंचायतों में वर्ष 2021-22 में विकास कार्यों के कच्चे माल के नाम पर कथित तौर पर करोड़ों रुपये के गोलमाल के आरोप लगे हैं। मुख्यमंत्री को दी शिकायत में जांच की मांग भी उठाई गई है। यह शिकायत प्रदेश कांग्रेस सचिव जगडीश रेड्डी, पूर्व जिला परिषद सदस्य संत राम, दिलीप सिंह ठाकुर, लाल सिंह, नारायण सिंह, दिले राम, रूप लाल व अन्य ने लिखित तौर पर सीएम सुक्खू से की है। शिकायत के आधार पर विभाग ने कमेटी गठित कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि बालीचौकी विकास खंड की इन पंचायतों में कच्चे माल के नाम पर करोड़ों के बिल तत्कालीन पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा बनाए गए हैं। आरोप यह भी लगाया गया है कि ब्लॉक की 90 प्रतिशत पंचायतों में भाजपा समर्थित प्रधान चुने गए थे। उन्होंने यह घोटाले किए हैं। यह पंचायतें खणी, देवधार, सोमगाड, काऊ, मुराहा, नलवागी, बालीचौकी, बूंग जहल गाड़ और गुरान शामिल हैं।
शिकायतकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से मांग उठाई है कि जिन पंचायतों में 50 लाख से ऊपर कच्चे माल के नाम पर खरीदारी की गई है, उनकी जांच की जाए। उधर, सिराज कांग्रेस नेता विजय पाल सिंह ने कहा कि यह विभागीय जांच का विषय है और विभाग इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। वहीं, सिराज भाजपा मंडल महामंत्री भीष्म ठाकुर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अपनी करारी हार कांग्रेस के नेता पचा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता और पदाधिकारी घटिया राजनीति पर उतर आए हैं।
खंड विकास अधिकारी बालीचौकी अनिल गुराडा ने बताया कि शिकायत के आधार पर एक कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी मामले की जांच कर रही है।