मंडी। चिट्टा के साथ पकड़े गए तीन आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने सभी को तीन दिन की रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है। तीनों आरोपियों को शहर के मलौरी सब्जी मंडी के पास शनिवार शाम को आठ ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा था। सदर थाना के बाहर दो आरोपियों की पत्नियां भी पहुंची थीं।
हाल ही में दो आरोपियों की शादी हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में दो बलद्वाड़ा और एक बल्ह का रहने वाला है। तीनों टैक्सी चालक हैं। पतियों की गिरफ्तारी से आहत विवाहिताएं रोती हुईं तस्करों को कोसती नजर आईं। उधर, सदर थाना पुलिस ने तीनों को रिमांड पर लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जिले में चिट्टे से इस साल सदर मंडी में दो, बल्ह और बलद्वाड़ा में एक-एक युवक की मौत हो चुकी है।
जागरूकता के बाद लोग सूचना तो दे रहे हैं लेकिन आरोपियों को पकड़वाने के बाद गवाह नहीं बन रहे हैं। पुलिस अधीक्षक मंडी के निर्देशानुसार पिछले तीन महीनों में टीम ने 12 मामलों में चिट्टे के आरोपी गिरफ्तार किए हैं। अधिकतर आरोपी युवा ही होते हैं।
-भानू प्रताप, हेड कांस्टेबल, सदर मंडी
.....
जिले में चिट्टा तस्करों की धरपकड़ के लिए पुलिस को युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। तीनों आरोपियों को रिमांड पर लिया गया है। उनसे गहनता से पूछताछ की जाएगी। जिले को चिट्टा मुक्त बनाने के लिए पुलिस का अभियान जारी है।
-साक्षी वर्मा, पुलिस अधीक्षक मंडी
000