देहरादून में पासिंग आऊट परेड के उपरांतसेना में लेफ्टिनेंट बना सुंदरनगर का अक्षय ठाकुर अपने माता-पिता के साथ।
- फोटो : अमर उजाला
सुंदरनगर (मंडी)। नगर परिषद के भड़ोह वार्ड निवासी अक्षय ठाकुर को भरतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर तैनाती मिली है। शनिवार को देहरादून स्थित इंडियन मिलिट्री अकादमी में हुई पासिंग आउट परेड में अक्षय ठाकुर भारतीय सेना में स्थायी कमीशन प्राप्त कर लेफ्टिनेंट बने हैं।
अक्षय ठाकुर को असम रेजिमेंट में भेजा गया है। अक्षय ठाकुर की इस उपलब्धि से सुंदरनगर और मंडी जिले का नाम प्रदेश और देश में रोशन हुआ है। पासिंग आउट परेड के दौरान अक्षय के पिता रूप सिंह ठाकुर और माता मीनाक्षी ठाकुर भी उपस्थित रहे। अक्षय की जमा दो तक की पढ़ाई सैनिक स्कूल सुजानपुर में हुई है। तीन साल तक भारतीय रक्षा अकादमी पुणे में प्रशिक्षण हासिल किया। पिता रूप सिंह ठाकुर ने बताया अक्षय ठाकुर पढ़ाई लिखाई तथा खेलकूद में हमेशा से ही अव्वल रहा है।
अक्षय के पिता रूप सिंह ठाकुर यूथ वेलफेयर डिपार्टमेंट में यूथ कोआर्डिनेटर पद पर जिला बिलासपुर में कार्यरत हैं। जबकि माता मीनाक्षी ठाकुर आईजीएमसी शिमला में वार्ड सिस्टर के पद पर तैनात है। अक्षय की इस उपलब्धि से माता-पिता भी अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। वहीं, अक्षय ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देते हुए कहा कि वे आगे भी पूरी लग्न के साथ कार्य करते हुए देश की सेवा के लिए तत्पर रहेंगे। अक्षय के घर भड़ोह में सगे संबंधी और मित्रजन बड़ी संख्या में बधाइयां देने के लिए पहुंच रहे हैं।