एआई पाठ्यक्रम, प्रतियोगी परीक्षा केंद्र और रोजगार के मिलेंगे नए अवसर
आधुनिक पाठ्यक्रम, प्रशासनिक व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए स्थापित होगा कोचिंग सेंटर
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी में जल्द ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से संबंधित आधुनिक पाठ्यक्रम और प्रशासनिक व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक विशेष कोचिंग सेंटर स्थापित किया जाएगा। इसकी घोषणा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने इतिहास विभाग की इतिहास सोसायटी एवं मीडिया क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ हुई शिष्टाचार भेंट के दौरान की।
कुलपति ने बताया कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और कॅरिअर को नई दिशा देने के लिए विश्वविद्यालय में एआई पाठ्यक्रम, प्रतियोगी परीक्षा केंद्र और उद्योग जगत के साथ समझौता ज्ञापन करके रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में हुई इस बैठक में सोसायटी की अध्यक्ष मनीषा और उपाध्यक्ष लखविंदर ने विभाग की ओर से संचालित अकादमिक, शोध, सांस्कृतिक तथा मीडिया गतिविधियों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। कुलपति ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए उन्हें ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ लक्ष्य प्राप्ति की प्रेरणा दी।
विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन के लिए कुलपति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन के सहयोग से विद्यार्थियों को शोध, डिजिटल तकनीक और रोजगारपरक कौशल से जोडऩे के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।