मांगों को लेकर नारेबाजी करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
मंडी। संधोल तहसील मुख्यालय में क्षेत्र की समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों ने बुधवार को प्रदेश सरकार और विधायक के खिलाफ प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि 31 मई को तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन सौंपा था। जिसमें मांगों का समाधान करने के लिए 15 दिन का समय दिया था, लेकिन मांगों पर कोई उचित कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार को संधोल बाजार में स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
इनका कहना है कि संधोल तहसील की अनदेखी कर उपतहसील धर्मपुर में उपमंडल कार्यालय खोल दिया। अस्पताल में डाक्टरों की कमी के कारण मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कॉलेज और आईटीआई भवन का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। खुड्डी-सोहर सड़क को पक्का करने और क्षेत्र में पेयजल समस्या को दूर करने आदि मांगों को लेकर लोगों ने विरोध रैली निकाली। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मंढोत्रा, समाजसेवी संजय सिंह गुलेरिया की अगुवाई में रैली निकाली गई।
जिसमें संधोल के उपप्रधान राकेश हिमालयन, सोहर के उपप्रधान प्रदीप कुमार, नेरी के शेष राम, व्यापार मंडल के प्रधान संजय कुमार, गौरक्षा दल के जिलाध्यक्ष सुभाष भाटिया, उपाध्यक्ष रमांकात, युवा मंच संधोल के नरेंद्र जमवाल, अभिषेक, अजय, विजय, प्रीतम, सामाजिक न्याय मंच के महासचिव बलिभद्र, आप पार्टी के युवा विंग अध्यक्ष राकेश मंढोत्रा आदि मौजूद रहे।