डीएनए साक्ष्य और गवाहों के बयानों में मिलीं खामियां, अदालत ने दिया संदेह का लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। बाड़ी गांव में नेपाली मजदूर गोविंद की हत्या के मामले में करीब आठ साल नौ महीने बाद अदालत ने दोनों आरोपियों को बरी कर दिया है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश-प्रथम मंडी की अदालत ने फैसले में कांशी लामा को हत्या और साक्ष्य मिटाने, जबकि राम कुमार को अपराध की सूचना छिपाने के आरोप से संदेह का लाभ देते हुए बरी किया।
अभियोजन के अनुसार चार फरवरी 2018 को गोविंद का शव बाड़ी में पुल की रिटेनिंग वॉल के नीचे मिला था। पुलिस ने आरोप लगाया था कि शराब को लेकर हुए विवाद में कांशी लामा ने उसके सिर पर लकड़ी के फट्टे से वार किया और शव बोरी में डालकर फेंक दिया। अदालत ने डीएनए रिपोर्ट, गवाहों के विरोधाभासी बयानों और जांच की खामियों को देखते हुए आरोप संदेह से परे साबित नहीं माने। कांशी लामा को किसी अन्य मामले में वांछित न होने पर तत्काल रिहा करने के आदेश दिए।