मंडी। मंडी के पड्डल ग्राउंड में हिमाचल अंडर-15 बॉयज यूथ फुटबॉल लीग का शुभारंभ डीएफओ मंडी वासु डोगर ने किया। लीग में प्रदेश की छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। पहले दिन तीन मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला मदर्स प्राइड फुटबाल अकादमी बनाम शिवा फुटबाल क्लब नादौन के बीच हुआ। इसमें मदर्स प्राइड फुटबाल अकादमी ने 5–0 से शिवा फुटबाल क्लब नादौन को मात दी।
मदर्स प्राइड फुटबाल अकेडमी की ओर से देवन राजपूत और हरहित जसवाल ने 2-2, जबकि एक गोल गुरकरन सिंह ने किया। दूसरा मुकाबला जिला फुटबाल संघ सोलन बनाम जिला फुटबाल संघ मंडी के बीच हुआ। मंडी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सोलन की टीम को 8-0 से शिकस्त दी।
मंडी की टीम की ओर से अग्रिम ने तीन, अर्नव ने दो, काव्य, तनिश और योगेश कुमार ने एक–एक गोल कर टीम को बड़ी जीत दिलाई। मैदान गीला होने के बावजूद खेल के प्रति खिलाड़ियों का जूनन देखने लायक था। कीचड़ में पैर खिसकने के बावजूद खिलाड़ी जीत के लिए आपस में भिड़ते रहे।
तीसरा मुकाबला ट्रायंफ फुटबाल क्लब बनाम फुटबाल क्लब बकलोह चंबा के मध्य खेला गया। इसमें ट्रायंफ फुटबाल क्लब ने 3-0 से फुटबाल क्लब बकलोह को मात दी। ट्रायंफ फुटबाल क्लब की ओर से अथर्व और अमृत ने एक–एक गोल दागा। इस मौके पर जिला फुटबॉल संघ मंडी के अध्यक्ष लीला विलास, नरिंदर सैनी, प्रवीन शर्मा के साथ अन्य मौजूद रहे।