जोगिंद्रनगर कन्या स्कूल में अतिरिक्त कक्षा में पढ़ाई करते विद्यार्थी।स्रोत संस्थान
जोगिंद्रनगर (मंडी)। बोर्ड परीक्षाओं में अच्छे अंक दिलाने के लिए सरकारी स्कूलों ने अब अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया है। कन्या पाठशाला जोगिंद्रनगर में दसवीं और बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए सुबह और शाम विशेष सत्र शुरू किए हैं।
मार्च माह में प्रस्तावित बोर्ड की परीक्षाओं के लिए विज्ञान, गणित, अंग्रेजी विषयों की अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जा रही हैं। अध्यापकों ने स्कूल में निर्धारित समय से पहले और बाद में विशेष कक्षाएं लेकर विद्यार्थियों को पढ़ाया जा रहा है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार सुबह पौने आठ बजे से नौ बजे के सत्र में जमा दो कक्षा में फिजिक्स और कैमिस्ट्री की पढ़ाई करवाई जा रही है।
पढ़ाई में गुणवत्ता जांचने के लिए टेस्ट भी लिए जा रहे हैं। इसी तरह दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को गणित और अंग्रेजी विषय की पढ़ाई करवाई जा रही है। स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या पांच सौ के आसपास है। इनमें 11वीं, 12वीं और दसवीं के करीब 160 विद्यार्थी विशेष सत्र में पढ़ाई कर रहे हैं। प्रधानाचार्य मनोज शर्मा ने बताया कि कन्या स्कूल जोगिंद्रनगर में स्कूल शिक्षा बोर्ड की मार्च में प्रस्तावित वार्षिक परीक्षाओं के लिए अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन शुरू किया है ताकि विद्यार्थी अच्छे अंक हासिल कर सकें। संवाद