सरकार के खिलाफ नारेबाजी, संकाय बहाल करने और रिक्त पद भरने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
डैहर (मंडी)। राजकीय महाविद्यालय निहरी में कॉमर्स संकाय बंद किए जाने के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) इकाई निहरी ने वीरवार को महाविद्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कॉमर्स संकाय को तत्काल बहाल करने और महाविद्यालय में रिक्त पड़े शिक्षकों और गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों के पद भरने की मांग उठाई।
एबीवीपी इकाई अध्यक्ष आकृति ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार नियमों की आड़ में राजकीय महाविद्यालय निहरी के साथ न्याय नहीं कर रही है। निहरी महाविद्यालय की भौगोलिक परिस्थितियां और क्षेत्रीय आवश्यकताएं अन्य महाविद्यालयों से अलग हैं। ऐसे में यहां से कॉमर्स संकाय समाप्त करना ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के हितों के खिलाफ है।
एबीवीपी ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि राजकीय महाविद्यालय निहरी में कॉमर्स संकाय को तत्काल बहाल किया जाए और रिक्त पड़े सभी शिक्षकों और कर्मचारियों के पदों पर शीघ्र नियुक्तियां की जाएं। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में इकाई अध्यक्ष आकृति ठाकुर, मंत्री लज्या, सदस्य मुस्कान, कार्तिक, अनामिका, कल्पना, प्रतीक्षा व अन्य मौजूद रहे।