प्रशासन की ओर से एसडीएम गोहर राघव शर्मा ने हल्का पटवारी के माध्यम से प्रभावित परिवार को फौरी राहत के तौर पर दस हजार रुपये और तिरपाल भेंट किया है। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जहल पंचायत के पूर्व प्रधान भीष्म ठाकुर ने बताया कि मंगलवार को पोर्ट गांव के ठाकुर दास पुत्र जयनंद के मकान में अचानक आग भड़क गई। मकान की छत से निकले धुएं और आग की लपटों को देख मकान मालिक और परिवार के सदस्य आग को काबू करने के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन आग ने विकराल रूप धारण कर लिया ।
पल भर में मकान राख के ढेर में तबदील हो गया। आग लगने का पता चलते ही दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने पानी की पाइपें लगाकर और बाल्टियों से पानी फेंक आग पर काबू पाना चाहा। मगर मकान में आग इतनी भयंकर रूप से फैल गई थी कि पूरा मकान राख हो गया। पूर्व प्रधान भीष्म ठाकुर ने आग की घटना की सूचना तुरंत नाचन के विधायक विनोद कुमार को दी।
विधायक ने एसडीएम गोहर राघव शर्मा को घटना के बारे में सूचित किया तथा प्रभावित परिवार की हर संभव मदद करने के आदेश दिए। एसडीएम राघव शर्मा ने बताया कि प्रशासन ने प्रभावित परिवार को दस हजार रुपये की फौरी राहत और तिरपाल भेंट कर दिए हैं।