खौली नेहरा के पास हुआ दुर्घटनाग्रस्त पिकअप जीप। स्त्रोत- जागरूक पाठक
बालीचौकी (मंडी)। उपमंडल के खौली नेहरा के पास रविवार सुबह एक पिकअप जीप अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 मीटर नीचे जा गिरी। हादसे में वाहन सवार दो लोग बाल-बाल बच गए। दोनों को सामुदायिक अस्पताल गाड़ागुसैणी पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। जानकारी के अनुसार पिकअप जीप में ओम प्रकाश और राहुल सवार थे। दोनों जलाकाशना-पनारसा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। रविवार सुबह खौली नेहरा के पास चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप सड़क से नीचे जा गिरी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई और न ही किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। उधर, एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है।