खूंटी गाड़ने की रस्म के साथ भंगरोटू का नलवाड़ और देवता मेला शुरू
पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरचौक (मंडी)। भंगरोटू का ऐतिहासिक नलवाड़ एवं देवता मेला शनिवार को पारंपरिक रस्मों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच शुरू हो गया। मेले के शुभारंभ अवसर पर बल्ह क्षेत्र के आराध्य देव-देवियों की अगुवाई में नगर परिषद नेरचौक कार्यालय से मेला ग्राउंड तक भव्य जलेब निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और श्रद्धालु शामिल हुए। पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता प्रकाश चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने जलेब में भाग लेने के बाद मेला मैदान में पूजा-अर्चना की और पारंपरिक रूप से बैलों की खूंटी गाड़कर मेले का शुभारंभ किया।
यह मेला वर्ष 1942 में किसानों के लिए पशुओं की खरीद-फरोख्त के लिए नलवाड़ मेले के रूप में शुरू हुआ था। समय के साथ इसका स्वरूप बदलते हुए इसे जिला स्तर का देवता मेला बना दिया गया है, जिसमें धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक और व्यापारिक गतिविधियां भी आयोजित की जाती हैं।
इस बार मेले के सुचारु संचालन के लिए नगर परिषद नेरचौक और व्यापार मंडल का विशेष सहयोग लिया गया है। मेले के दौरान विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी हितेश शर्मा, व्यापार मंडल के प्रधान अमृतपाल सिंह, बाला कामेश्वर मंदिर कमेटी के प्रधान गोविंद ठाकुर, एडीओ राजेंद्र कुमार समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।