पहली बार प्रमुख पर्यटन मेले में भाग लेगी एसोसिएशन
प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में घाटी की खूबसूरती, साहसिक पर्यटन की रखेगा संभावनाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
थाची (मंडी)। प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध देव संस्कृति और साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाओं से भरपूर सराज घाटी को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। सराज वैली एडवेंचर एवं टूरिज्म एसोसिएशन पहली बार दक्षिण एशिया के प्रमुख पर्यटन व्यापार मेले में भाग लेगी। 19 से 21 जनवरी तक नई दिल्ली के यशोभूमि में आयोजित होने वाले इस मेले में एसोसिएशन का 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सराज की पर्यटन संभावनाओं को देश-विदेश के टूर ऑपरेटरों और पर्यटन कारोबारियों के समक्ष प्रस्तुत करेगा।
एसोसिएशन का उद्देश्य सराज की प्राकृतिक वादियों, ट्रैकिंग, पैराग्लाइडिंग, होमस्टे, पारंपरिक खानपान और समृद्ध लोक संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाना है। इसके साथ ही पर्यटन कारोबारियों से संपर्क स्थापित कर सराज घाटी को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। मेले में भागीदारी की तैयारियों के सिलसिले में नवंबर में एसोसिएशन की जिला पर्यटन अधिकारी, मंडी के साथ बैठक प्रस्तावित है। बैठक में पर्यटन के प्रचार-प्रसार, प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष नवनीत ठाकुर ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन कारोबारियों से संपर्क स्थापित होने से होमस्टे संचालकों, स्थानीय गाइडों, परिवहन व्यवसायियों और साहसिक पर्यटन से जुड़े युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन पर्यावरण अनुकूल और जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर देगी।