टिहरा (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट में मंगलवार देर रात करीब 12 बजे मूसलाधार बारिश ने लोअर बाजार में भारी तबाही मचाई। सड़क से लगभग दो फीट ऊपर पानी बहने लगा तो छोटे वाहन डूब गए। आधी रात को ही व्यापारी अपनी-अपनी दुकानों की ओर दौड़े, लेकिन तब तक दुकानों में सामान खराब हो गया।
दुकानों का सामान दुकानदारों की आंखों के सामने बह रहा था। हरियाणा हैंडलूम दुकान में ढाई लाख रुपये का सामान खराब हो गया। सचिन शर्मा की बर्तन की दुकान जलभराव की चपेट में आ गई। एंजल इंटरनेशनल के मालिक शेखर ने बताया कि उनकी गारमेंट्स की दुकान और होटल में पानी घुसने से दो फ्रिज खराब हो गए। कपड़ों को भी भारी नुकसान हुआ। संवाद