सुंदरनगर के बीएसएल एक्सचेंज के पास जलकर राख हुई झुग्गी झोपड़ियों और मौके पर दमकल विभाग की टीम।
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर शहर के बीएसएल एक्सचेंज के पास प्रवासियों की झुग्गी-झोपड़ियों में वीरवार दोपहर बाद एकाएक आग लगने से एक दर्जन झुग्गियां जलकर राख हो गईं। गनीमत रही कि समय रहते आसपास के लोगों और प्रवासियों ने सतर्कता से लोगों को झुग्गी-झोपड़ियों से बाहर निकाल लिया।
आग लगने का पता चलते ही आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। वहीं, सूचना मिलने पर बीबीएमबी की दमकल टीम फायर स्टेशन ऑफिसर दिनेश सागर की अगुवाई में मौके पर पहुंच गई। इसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने भी मौके पर पहुंच पीड़ित प्रवासियों के बयान कलमबद्ध किए।
प्रवासियों की दर्जनों झुग्गियां यहां पर हैं, जिसमें प्रवासी दिन के समय काम पर गए थे और झुग्गियों में केवल महिलाएं और बच्चे ही मौजूद थे। स्थानीय लोगों ने जब झुग्गियों से आग और धुआं उठता देखा तो तुरंत लोगों को सतर्क करते हुए उन्हें झुग्गियों से बाहर निकाला। यदि यह आग कही रात को लगी होती तो जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता था।
पीड़ित प्रवासियों ने बताया कि उनका पैसा, राशन, रोजमर्रा की चीजों सहित कपड़े जलकर राख हो गए हैं और वह अब खुले आसमान के नीचे रहने को विवश हैं। बहरहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि बीएसएल एक्सचेंज के पास आग लगने से 10 से 12 झुगियां जल गई हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच प्रवासियों के बयान कलमबद्ध किए हैं।