करसोग में फल उत्पादकों और ट्रक ऑपरेटर यूनियन की आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते एसडीएम संवाद
करसोग (मंडी)। सेब सीजन के दृष्टिगत करसोग के फल उत्पादकों और ट्रक ऑपरेटर यूनियन की बैठक कार्यवाहक एसडीएम एवं तहसीलदार करसोग कैलाश कौंडल की अध्यक्षता में हुई। एसडीएम ने कहा कि सेब सीजन को देखते हुए क्षेत्र की सड़कों के रखरखाव का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि बागवानों को अपनी सेब की फसल मंडियों तक पहुंचाने में कोई परेशानी न आए।
सेब सीजन के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था सही बनाए रखने के लिए पुलिस का भी सहयोग लिया जाएगा। एसडीएम ने ट्रक ऑपरेटर यूनियन के सदस्यों से आग्रह किया कि वे वाहनों में निश्चित भार सीमा के अनुसार ही सामान लोड करें। यदि निरीक्षण के दौरान किसी वाहन की क्षमता से अधिक भार उस वाहन में पाया जाता है तो वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एसडीएम ने बताया कि सेब सीजन के मद्देनजर बागवनों की सुविधा के लिए इस बार तहसीलदार की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की जाएगी। इसमें बागवानी विभाग के एसएमएस (विषय वाद विशेषज्ञ) उपाध्यक्ष होंगे। बीडीओ करसोग, चुराग और एसएचओ करसोग को भी कमेटी में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा बीडीसी के चेयरमैन, ट्रक ऑपरेटर यूनियन करसोग के अध्यक्ष, फल उत्पादक संघ चुराग और सेरी बंगलो के अध्यक्ष इस कमेटी में सदस्य होंगे। उन्होंने कहा कि यदि सेब सीजन के दौरान बागवानों को किसी भी प्रकार की कोई भी परेशानी आती है तो वे कमेटी के संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकेंगे।
करसोग में 9 लाख सेब पेटी होने का अनुमान
बागवानी विभाग से विषय वाद विशेषज्ञ जगदीश वर्मा ने कहा कि इस बार करसोग में लगभग 9 लाख सेब की पेटी उत्पादन की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार द्वारा बागवानों के लिए इस बार यूनिवर्सल कार्टन की नई व्यवस्था को शुरू किया गया है। इन बॉक्स में सेब की पैकिंग किलो के हिसाब से की जाएगी। यह यूनिवर्सल कार्टन 20 किलो की पैकिंग के हिसाब से तैयार किए गए हैं।