सुंदरनगर (मंडी)। चरस का अवैध कारोबार करने वालों की धरपकड़ को सुंदरनगर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को सुंदरनगर की सलापड़ पुलिस चौकी के एक दल ने हाइवे पर नाके के दौरान कार चालक से एक किलो सौ ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सलापड़ में पुलिस चौकी प्रभारी बृजलाल के नेतृत्व में पुलिस ने चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग नाका लगा रखा था। इस दौरान सुंदरनगर से बिलासपुर की ओर जा रही एक कार को पुलिस ने जांच के लिए रोका। कार की तलाशी के दौरान पुलिस को उसमें एक किलो एक सौ ग्राम चरस बरामद हुई। जिस पर पुलिस ने आरोपी पंचकुला निवासी शिव कुमार को हिरासत में ले लिया। पुलिस दल में मुख्य आरक्षी टेक चंद तथा बृज लाल भी शामिल थे। डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने इसकी पुष्टि की है।