गोहर (मंडी)। मौवीसेरी पंचायत के टिकरी गांव में डायरिया फैलने से ग्रामीणों में दहशत है। गांव के करीब 40 परिवारों के दर्जनों सदस्य डायरिया की चपेट में आ गए हैं। अभी तक स्वास्थ्य और आईपीएच विभाग गांव में डायरिया से प्रभावित लोगों की सुध नहीं ले पाया है। इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार पंचायत के टिकरी गांव के हर घर में डायरिया के मरीज हैं। गांव में पीने के पानी की भी किल्लत है। इस कारण लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। ग्रामीण सुभाष चंद, गोपाल सिंह, शेर सिंह, तेज लाल, प्रेम सिंह, सेतू देवी, शिवलाल और अन्य लोगों ने बताया कि उनके परिवार के सदस्य डायरिया की चपेट में आ गए हैं। इससे अनेक परिवार इस बीमारी के फैलने से परेशान हैं। गांव के सुभाष चंद ने बताया कि वह अपने परिवार के सदस्यों को लेकर सीएचसी गोहर गए थे। आराम न मिलने से अब उनका उपचार मंडी और सुंदरनगर के अस्पतालों में चल रहा है। गोहर सीएचसी में भी टिकरी गांव से डायरिया के मरीजों के भर्ती होने की सूचना है।
गोहर सीएचसी में तैनात डा. ललित गौतम ने बताया कि टिकरी गांव से डायरिया के मरीज उपचार के लिए आए थे। गांव में मटमैला पानी आने से भी डायरिया का प्रकोप बढ़ा है। बीएमओ बगस्याड नरेश कुमार ने बताया कि ग्रामीणों ने उन्हें कोई सूचना नहीं दी है। कहा कि अगर गांव में डायरिया फैला है तो टीम भेजी जाएगी। आईपीएच के सहायक अभियंता भूप सिंह ने कहा कि गांव में चल रही पेयजल योजना की जांच की जाएगी।