सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के कांगू स्थित काली माता मंदिर में सेंध लगाकर चोरों ने हजारों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। मंगलवार सुबह मंदिर में चोरी होने का पता चला। पुलिस ने मामला दर्जकर चोरों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह मंदिर का पुजारी हर रोज की भांति पूजा पाठ करने के लिए पहुंचा। इसके बाद ही मंदिर में चोरी की वारदात का पता चला। कांगू निवासी पुजारी दुर्गा सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि हर रोज की तरह वह मंगलवार सुबह साढ़े पांच बजे काली माता मंदिर में पूजा पाठ करने के लिए पहुंचे तो मंदिर में माता के शृंगार के लिए चढ़ाए सोने और चांदी के आभूषण मूर्ति पर नहीं थे। इस पर उन्होंने आसपास के लोगों को भी इसकी सूचना दी। जहां से सलापड़ चौकी को स्थानीय लोगों ने इस वारदात के बारे बताया। सूचना मिलते ही पुलिस दल भी मौके पर पहुंचा। मंदिर से चुराए गए आभूषणों की कीमत करीब 63 हजार बताई जा रही है। एसपी आरएस नेगी ने बताया पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
पति और सास के खिलाफ मुकदमा
सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के अरठी गांव की एक महिला ने सुंदरनगर पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाकर अपने पति तथा सास पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मानसिक रूप से परेशान करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच आरंभ कर दी है। पुलिस के अनुसार के अरठी निवासी महिला ने कहा है कि उसका विवाह 2004 में हुआ था। विवाह के तीन चार माह के बाद ही उसका पति और सास उसके साथ मारपीट करने लगे थे। वह उसे दहेज कम लाने के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। करीब दस साल तक उसका पति और सास उसके साथ यह व्यवहार करते रहे। अब जब उसका हौसला जवाब दे गया तो वह पुलिस के पास न्याय की गुहार लगाने पहुंची। एसपी आरएस नेगी ने बताया पुलिस ने जांच आरंभ कर दी है।