सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट की बिंगा पंचायत के आधा दर्जन गांवाें में घरेलू गैस किल्लत के चलते उपभोक्ता परेशान हैं। लोगों के बार-बार आग्रह के बावजूद भी गैस की सप्लाई नहीं हो पा रही है। एक ओर जहां गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली लोगाें के लिए मुसीबत बन रही है वहीं दूसरी ओर प्रशासन भी इस पर कोई हस्तक्षेप नहीं कर रहा।
बिंगा पंचायत के शेरपुर, बल्याणा, विंगा, छुईघाट और फीहड़ में गांवों में चार माह से रसोई गैस की आपूर्ति नहीं की गई है। इससे ग्रामीणाें में रोष है। स्थानीय महिला मंडल की प्रधान पवना कुमारी, प्रमिला, बबली देवी, निर्मला देवी, सरिता, खजान सिंह, डागू राम, प्रेम सिंह, रोशन लाल, बबलू, वीर सिंह, शिवराम, युवक मंडल बल्याणा के प्रधान लक्ष्मण सिंह और सुनील कुमार ने कहा कि ग्रामीणाें को दिसंबर 2013 में रसोई गैस की आपूर्ति की थी। इसके बाद यहां गैस की कोई सप्लाई नहीं आई है। मजबूरन, लोगाें को लकड़ी के लिए जंगलाें का रुख करना पड़ रहा है। प्रभावित लोगाें ने एसडीएम सरकाघाट से हस्तक्षेप की मांग कर गैस सप्लाई शीघ्र भिजवाने की मांग की है। उधर विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक कपिल गुप्ता ने कहा कि गैस की आपूर्ति जल्द की जाएगी।