मंडी। त्योहारी सीजन में लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ न हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। मंडी में स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान विभाग ने संदेह के आधार पर शहर की दुकानों में छापेमारी करते हुए अलग-अलग छह उत्पादों के सैंपल भरे। विभागीय अधिकारियाें द्वारा किसी भी उत्पाद को मौके पर नष्ट नहीं किया गया है। जिला खाद्य निरीक्षक मंडी एलडी ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है।
विभागीय अधिकारियाें का कहना है कि दीपावली के सीजन में बाहरी राज्यों से मिलावटी मिठाइयों की सप्लाई हिमाचल में होती है। इसके चलते आधा दर्जन दुकानों से सैंपल भरे गए हैं। रविवार को जिला खाद्य निरीक्षक की अगुवाई में हुई छापेमारी में शहर की एक दुकान से खोया बर्फी के सैंपल भी लिए गए हैं। करीब दो माह पूर्व शहर के एक खोया-बर्फी विक्रेता के पास से लिए गए सैंपल लैब टेस्टिंग में फेल हो गए थे। इसके अलावा ताजा छापामारी में एक वनस्पति घी, छोटी इलायची, दाल चना, पाइन एप्पल जूस तथा व्हिस्की के सैंपल विभाग ने लिए हैं।
मंडी जिले में दीपावली के नजदीक मिलावटखोरों पर शिकंजा कसते हुए विभाग की यह पहली छापेमारी है। इस कार्य के लिए अधिकृत अधिकारियों के विभागीय काम से बाहर होने के चलते अब तक मंडी जिले में मिलावटी पदार्थों को पकड़ने पर दीपावली के नजदीक कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। रविवार को लिए गए सभी छह सैंपल विभाग ने लैब टेस्टिंग के लिए भेज दिए हैं।
संदेह के आधार पर विभाग ने छह अलग-अलग उत्पादाें के सैंपल भरे हैं, जिन्हें लैब टेस्टिंग के लिए भेजा जा रहा है। यदि सैंपल फेल पाए जाते हैं तो नए फूड एवं सेफ्टी एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-एलडी ठाकुर जिला खाद्य निरीक्षक मंडी।