सरकाघाट (मंडी)। विकास खंड गोपालपुर की चौरी पंचायत के कलश गांव में अधेड़ व्यक्ति की ढांक से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर जांच शुरू कर दी है। मृतक अपने पीछे पत्नी सहित दो बेटे छोड़ गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मोहन लाल पुत्र महंत राम निवासी कलश पंजाब में एक निजी कंपनी में काम करता था। कंपनी से छुट्टी लेकर घर आने पर गंदम कटाई के कार्य के दौरान खेतों से गेहूं लाने जा रहा था। रास्ते में गेहूं का गट्ठा बांधने के लिए रस्सा बनाने के जुगाड़ में ढांक के ऊपर रामबाण के रेशों को काट रहा था। अचानक पांव फिसलने से करीब 200 फीट गहरी खाई में सिर के बल जा गिरा। इससे उसका सिर खून से लथपथ हो गया।
आसपास गांव के लोगों ने उसे ढांक से गिरता देख परिजनाें को सूचित किया। परिजन गंभीर रूप से घायल मोहन लाल को मौका स्थल से निजी वाहन द्वारा नागरिक अस्पताल सरकाघाट ले गए। मगर, तब तक उसकी सांसे थम चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकाें ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को भेजी। पुलिस ने धारा 174 सीआरपीसी के तहत मामला दर्ज करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कर परिजनाें के सुपुर्द कर दिया। इधर, इस घटना पर विधायक कर्नल इंद्र सिंह, मंडल भाजपा अध्यक्ष दलीप ठाकुर, प्रकाश पटियाल, सरोज धूमल, भद्रवाड़ पंचायत प्रधान पृथ्वीराज, राजीव शर्मा, कृष्ण चंद, बलदेव आदि ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सरकाघाट पुलिस उप अधीक्षक केडी शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस जांच कर रही है।