अटल आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय (एएमआरयू) नेरचौक।
मंडी। अटल आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय (एएमआरयू) नेरचौक ने एमबीबीएस और बीडीएस की पहले राउंड की काउंसलिंग में अंतिम सीट आवंटन प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस राउंड में कुल 931 सीटें भरी गई हैं। चयनित अभ्यार्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर लॉग इन करके अपने आवंटित कॉलेजों की जानकारी लें और अगली औपचारिकताएं पूरी करें।
पहले राउंड की काउंसलिंग में 931 सीटें भरे जाने के बाद अब विश्वविद्यालय दूसरे चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू करेगा, जिसमें शेष 84 सीटों को भरा जाएगा। प्रदेश के छह मेडिकल कॉलेजों और चार डेंटल कॉलेजों में कुल 1015 सीटें हैं, जिनमें से 931 सीटें पहले राउंड में भरी जा चुकी हैं। एएमआरयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. प्रवीण शर्मा ने बताया कि पहले चरण के चयनित अभ्यर्थी 5 सितंबर तक अपने आवंटित कॉलेजों में दाखिला ले सकते हैं।
एमडीएस में स्ट्रे राउंड होगा आयोजित
एमडीएस की खाली सीटों को भरने के लिए एमएमआरयू दो सितंबर से 10 सितंबर तक स्ट्रे राउंड आयोजित करेगा। इस राउंड में खाली सीटों के लिए आवेदन प्रक्रिया दो सितंबर से शुरू होगी। चार सितंबर को कैटागरी वाइज मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। पांच और छह सितंबर को अभ्यर्थी कॉलेज च्वाइस भर सकेंगे। प्रोविजनल सीट आवंटन सात सितंबर को होगा, जबकि अंतिम सीट आवंटन आठ सितंबर को किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 10 सितंबर तक आवंटित संस्थानों में ज्वाइन करना होगा।