बालीचौकी/जंजैहली (मंडी)। सिराज के नवनिर्वाचित विधायक जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री बनाने के लिए क्षेत्र की जनता के साथ कांग्रेस और भाजपा एकजुट हो गए हैं। क्षेत्र की जनता और दोनों पार्टियों ने भाजपा हाईकमान से गुहार लगाई है कि जयराम ठाकुर को ही मुख्यमंत्री बनाया जाए। अगर उन्हें सीएम नहीं बनाया गया तो यहां की जनता आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएगी। अब लोगों की निगाहें पार्टी हाईकमान पर टिकी हुई हैं। लोगों का कहना है कि जयराम ठाकुर एक ऐसे कर्मठ नेता हैं, जिन्होंने सत्ता में न रहकर भी सिराज क्षेत्र का विकास किया है और इस बार वह 5वीं बार विधायक निर्वाचित हुए हैं। सराज के मंडल अध्यक्ष सराज शेर सिंह, ललित कुमार, देवेंद्र कुमार, नवीन शर्मा, जोगिंद्र सिंह, दीपक शर्मा, गोपाल ठाकुर, जीवन शर्मा, विजय कपूर, सन्नी ठाकुर, गोपू ठाकुर, महेश ठाकुर, पीर सिंह भारद्वाज, बलदेव शर्मा, दलीप सिंह ठाकुर, पीर सिंह भारद्वाज, गीता, प्रोमिला, संजीव ठाकुर, आशीष भारद्वाज, छापे राम भारद्वाज, धर्मवीर, राम सिंह, इंद्र सिंह, वीर सिंह, लेस राम, राकेश कुमार, तुलसीराम लाल सिंह गुलाब सिंह, श्यामलाल, डोले राम सहित पूरे सराज क्षेत्र के लोगों का कहना कि अगर जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री नहीं बनाया गया तो सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हो जाएंगे और एक बड़ा आंदोलन करेंगे। लोगों का कहना है कि आज तक मंडी के इन क्षेत्रों का विकास इसी कारण बाधित रहा है, क्योंकि आज तक मंडी को कभी भी सीएम नहीं मिला है।
सोशल मीडिया बना अपनी बात रखने का सहारा
सिराज के साथ साथ मंडी की जनता सोशल मीडिया के माध्यम से जयराम ठाकुर के मुख्यमंत्री बनने की पैरवी कर रही है। कोई सिराज के चेहरों को मुख्यमंत्री न बनाए जाने पर आंदोलन की धमकी दे रहा है तो कोई आत्मदाह जैसी बात कह रहा है। वहीं कुछ प्रधानमंत्री के साथ जयराम के फोटो वायरल कर रहा है, तो कोई जयराम को गले लगाते हुए पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के फोटो वायरल कर रहा है। कहीं पटाखे फूटने के वीडियो वायरल हो रहे हैं तो कहीं जीत की खुशी में नाटी के फोटो वायरल हो रहे हैं। हर कोई अपनी बात सोशल मीडिया के जरिये जाहिर कर रहा है।