मंडी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुराधा शर्मा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया गया। इसमें अभिलाषी नर्सिंग कॉलेज नेरचौक एवं संपत्ति देवी मेमोरियल नर्सिंग कॉलेज बिजणी की 60 नर्सिंग प्रशिक्षुओं ने भाग लिया। प्रशिक्षु नर्सिंग छात्राओं के साथ अस्पताल स्टाफ ने शहर में एक जागरूकता रैली निकाली और डेंगू के बारे में लोगों को जागरूक किया। रैली अस्पताल से सेरी मंच तक निकाली गई। इस अवसर पर नारा लेखन प्रतियोगिता भी करवाई गई। इसमें प्रथम कृति, द्वितीय दक्षिता और तृतीय स्थान संतोष ने प्राप्त किया। सभी को कार्यवाहक सीएमओ ने सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. अनुराधा ने कहा कि आज यह दिवस पूरे राष्ट्र में मनाया जा रहा है। डेंगू जानलेवा बीमारी है, इसलिए हम सभी की जिम्मेदारी बनती है कि इस बीमारी को फैलने से रोकने में अपनी भागीदारी निभाएं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी मंडी डॉ. दिनेश ठाकुर ने डेंगू के बारे में सभी प्रशिक्षु नर्सों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डेंगू एक विषाणु जनित रोग है, जो संक्रमित मादा एडिज एजिप्टाई मच्छर के काटने से फैलता है। यह मच्छर ऐसे स्थान पर जहां 5 से 15 मिलीलीटर पानी खड़ा हो उसमें 50 से 300 तक अंडे देता है। बिना ढक्कन की पानी की टंकी, बाल्टी, खाली बोतल, फूलदान, टायर, बांस और पेड़ के छेद में डेंगू संक्रमित मच्छर अंडे देता है। उपयुक्त वातावरण में अंडे से लारवा, प्यूपा और वयस्क मच्छर हो जाता है। यह प्रक्रिया 7 से 10 दिन में पूरी हो जाती है।
उन्होंने डेंगू के बचाव के बारे में भी जानकारी दी। कहा कि घर के आसपास के गड्ढों को मिट्टी से भर दें। पानी के बर्तन को ढक कर रखें। पूरी बाजू के कपड़े पहनें। बाहर जाने पर क्रीम लगाएं। इस अवसर पर डॉ. नागराज ने भी अपने विचार रखे।
0000