अमर उजाला ब्यूरो
मंडी। शहर के लोगों के लिए बहुत ही राहतभरी खबर है। शहर में जल्द गीला और सूखा कचरा अलग अलग उठाने की योजना क्रियान्वित होने वाली है। इसके लिए नगर परिषद जोरोंशोरों से कार्य कर रही है। योजना के लिए सभी वार्डों में घरों से ही अलग-अलग गीला और सूखा कूड़ा उठाने के लिए कमेटियों का गठन किया जा रहा है। एनजीटी के आदेशानुसार यह योजना पहली अप्रैल को लागू होनी थी, लेकिन नप इसे लागू करने में असमर्थ रही। अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था।
खबर छपने के बाद नगर परिषद ने योजना की कवायद तेज कर दी है। शनिवार को टाउन हॉल में हुई नप की बैठक में शहर के दो वार्डों छह और सात में कमेटियों का गठन कर दिया है। यह लोअर समखेतर और अपर समखेतर वार्ड हैं। पार्षद के साथ स्थानीय लोग भी योजना को सफल बनाने में सहयोग करेंगे। पार्षद को कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। जिन-जिन वार्डों में कमेटियों का गठन किया जा रहा है, वह कार्य 15 अप्रैल तक पूरा हो जाएगा और तुरंत प्रभाव से ही घरों से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग उठाना शुरू कर दिया जाएगा। उधर, नगर परिषद अध्यक्ष सुमन ठाकुर ने शहर वासियों से आग्रह किया है कि वे गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग कर दें।
हरे बोरे में उठाया जाने वाला कूड़ा
हर बोरे में गीला कचरा उठेगा। इसमें रसोई का कचरा सब्जियों, फलों के छिलके, पका हुआ बचा भोजन, अंडे केे छिलके, चिकन, मच्छली की हड्डियां, सड़े फल, सब्जियां, गंदा टिशू पेपर, चाय बैग, चाय पत्ती, पत्ते के प्लेटस, नारियल के खोल पूजा के फूल और मालाएं आदि हरे बोरे में उठाए जाएंगे।
नीले बोरे में इस तरह का उठाया जाएगा कूड़ा
सूखे कूड़े के लिए नीले बोरे का इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें प्लास्टिक, प्लास्टिक कवर, बोतलें, चिप्स टॉफी के रैपर, प्लास्टिक के कप, दूध और दही के पैकेट, धातु के कैन कोल्ड ड्रिंक्स की खाली बोतलें, रबर, थर्मोकोल, पुराने कपड़े, स्पंज, लकड़ी के टुकडे़, बाल, कागज, अखबार और पत्रिकाएं, स्टेशनरी, गत्ते के बक्से, टैरापैक्स पेपर कवर और प्लेटस आादि उठाए जाएंगे। दुकानों से कूड़ा सुबह और शाम को लिया जाएगा।
वार्ड छह की कमेटी में ये किए शामिल
अध्यक्ष पार्षद पुष्पराज कात्यायान और सदस्यों में हितेंद्र शर्मा, केएस तिवारी, विजय कुमार टंडन किशोरी लाल, सुभाष, हरगोपाल कपूर, जीवन लाल शर्मा, संजय शर्मा, राहुल सेठी, पवन, अनिरुद्ध शर्मा, सुशील सहगल, एमपी वैद्य, निर्मला, मयूर प्रकाश, राजेंद्र शर्मा, अशोक कुमार शर्मा, कमलजीत सिंह को चुना गया।
जितेंद्र बनाए वार्ड 7 के अध्यक्ष
अध्यक्ष पार्षद जितेंद्र शर्मा जबकि सदस्यों में मनीष कपूर, विजेंद्र पाल, सरोज शर्मा, हंसराज शर्मा सतीश शर्मा, नरेंद्र शर्मा, देसराज शर्मा, हेमंत कपूर, राजेश महेंदू, सुनील महेंद्र, पवन शर्मा, डॉ. कपूर, ओपी मलहोत्रा, दीप वालिया, सतीश मलहोत्रा, शिवपाल वालिया को चुना गया। इसके साथ ही नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी, सेनेटरी इंस्पेक्टर, कनिष्ठ अभियंता, कम्यूनिटी ऑर्गेनाइजर एवं स्वयं सहायता समूह के प्रधान और सचिव कमेटी के पदेन सदस्य होंगे।