करसोग (मंडी)। जिला स्तरीय नलवाड़ मेले में पहली बार पांगणा के आराध्य देव और पांचगढ़ के अधिपति श्री मूल गींह नाग सरही शिरकत करेंगे। देव इतिहास में यह पहली बार इस मेले में भाग लेने के लिए पहुंच रहे हैं। गींह नाग मंदिर कमेटी के मुख्य कारदार चेतराम ठाकुर और युवा समाजसेवी डिंपल कुमार ने बताया कि देव पहली बार इस मेले में शिरकत कर रहे हैं। नाग देवता आठ अप्रैल को अपने देवलुओं के साथ मंदिर से प्रस्थान करेंगे और 9, 10 और 11 अप्रैल को नलवाड़ मेले में शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि देवता को पहली बार इस मेले में निमंत्रण दिया गया है और इस निमंत्रण को देवता कमेटी ने स्वीकार कर लिया है। इससे पहले मेले में स्थानीय देवता ही शिरकत करते थे, लेकिन इस बार दूर-दराज के देवताओं को भी बुलाया गया है। देवता मेले में तीन दिन तक रहेंगे। इस दौरान इनका आशीर्वाद लेने के लिए भक्तों का तांता लगा रहेगा।