गोहर (मंडी)।जंजैहली में एसडीएम कार्यालय और उप तहसील छतरी की अधिसूचना रद्द होने से मचा बवाल अब सीएम के पास सेटल होगा। तीन दिन के संघर्ष के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय से सिराज संघर्ष समिति को बुलावा आया है। मंगलवार को दिल्ली रवाना होने से पूर्व सुबह 10 बजे सीएम जयराम ठाकुर समिति से मिलेंगे।
उधर, सिराज संघर्ष समिति ने एलान किया है कि अगर सीएम की वार्तालाप में समिति संतुष्ट होती है तो मंगलवार को जंजैहली में होने वाले चक्का जाम को स्थगित कर दिया जाएगा। समिति सीएम के आश्वासन से संतुष्ट नहीं होती है तो वार्तालाप के बाद समिति स्थानीय लोगों के साथ जंजैहली में धरना प्रदर्शन कर चक्का जाम करेगी। सिराज कांग्रेस मंडल अध्यक्ष जगदीश रेड्डी ने बताया कि मुख्यमंत्री इस मामले को लेकर गोलमोल बयान दे रहे हैं। जिससे जंजैहली और छतरी के लोग संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि सिराज भाजपा का प्रतिनिधिमंडल भी तपोवन में सीएम से इस मामले को लेकर सही पक्ष नहीं रख सका है। मंगलवार सुबह शिमला में इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री से होने जा रही सिराज संघर्ष समिति की वार्ता के बाद समिति आगामी निर्णय लेगी। रेड्डी ने कहा कि जानकारी के अनुसार थुनाग में एसडीएम कार्यालय को लेकर कोई भवन अंदरखाते खाली करवाया जा रहा है। उन्हें इसकी जानकारी मिली है। एसडीएम कार्यालय जंजैहली से थुनाग लाया गया तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा। एसडीएम जंजैहली सुरेंद्र मोहन ने बताया कि सोमवार को जंजैहली में शांति बनी रही। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों और व्यापार मंडल से उन्होंने इस मामले को लेकर बात की है। एसडीएम ने कहा कि लोगों और राजनीतिक दलों ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे कानून अपने हाथ में नहीं लेंगे और अशांति नहीं फैलाएंगे। सिराज भाजपा के पूर्व मंडल महामंत्री गुलजारी लाल ने कहा कि सिराज संघर्ष समिति के साथ सिराज भाजपा के पदाधिकारी भी सीएम से मंगलवार को मिलेंगे और इस मामले में अपना पक्ष रखेंगे।