सुंदरनगर (मंडी)। यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। वीरवार को सुंदरनगर की बीएसएल थाना पुलिस ने ट्रैफिक मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में यहां के नरेश चौक में नाका लगाया। करीब दो घंटे के नाके में यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले 50 वाहन चालकों का चालान काटा गया। जिनसे मौके पर ही 38,700 रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गई।
नाके के दौरान बाइक और बुलेट पुलिस के निशाने पर रहे, जो साइलेंसर से छेड़खानी कर ध्वनि प्रदूषण कर रहे थे। नाके के दौरान पुलिस ने इजराइल निवासी पर्यटक डेनिल की बुलेट को जांच के लिए रोका तो वह उसके कोई भी कागजात पेश नहीं कर पाया। जिस पर पुलिस ने उसकी बुलेट को कब्जे में ले लिया। लेकिन, इजराइली पर्यटक अपनी गलती न मान कर बुलेट ले जाने के लिए अड़ा रहा। इस दौरान वह थाने में भी जमा रहा। लेकिन, उसे वहां पर निराशा ही हाथ लगी। पुलिस ने नियमों का हवाला देते हुए बिना दस्तावेज दिखाए बुलेट को छोड़ने से इंकार कर दिया। पुलिस ने एक जेसीबी को भी बिना दस्तावेज के कब्जे में लिया है। ट्रैफिक मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार ने बताया कि बढ़ते सड़क हादसों पर नियंत्रण लगाने के लिए समय-समय पर ऐसे कदम उठाए जा रहे हैं।