सुंदरनगर (मंडी)। प्रस्तावित सीमेंट कारखाने के नाम पर अपर बैहली पंचायत के खतरवाड़ी, समकल और हरवाणी में सैकड़ों किसान खेतों की सिंचाई करने से महरूम है। इस संदर्भ में सामाजिक जागरण मंच की बैठक अध्यक्ष दर्शन लाल की अध्यक्षता में समकल वार्ड में संपन्न हुई। इसमें सभी लोगों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करके प्रशासन को भेजा है।
प्रस्ताव में किसानों ने सरकार को चेताया है कि यदि जल्द ही उन्हें जैन सिंचाई स्कीम की सुविधा मुहैया नहीं करवाई गई तो स्थानीय जनता मंच के साथ मिलकर शासन और प्रशासन के अधिकारियों का घेराव करेगी। दर्शन लाल का कहना है कि खतरवाड़ी, समकल और हरवाणी में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुहैया करवाई जा रही जैन सिंचाई स्कीम को इसलिए रोक दिया गया कि यह प्रस्तावित सीमेंट कारखाना क्षेत्र है। प्रस्तावित सीमेंट कारखाना क्षेत्र की वजह से स्थानीय लोगों को अपनी मूलभूत सुविधा से वंचित होना पड़ रहा है। जिसमें आम लोगों को अपनी जरूरत के हिसाब से भूमि का प्रयोग करने, निर्माण कार्य करने और जन सुविधाओं को लेकर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी क्रम में जैन सिंचाई स्कीम के तहत जहां साथ लगते गांव में सिंचाई की सुविधा किसानों को पर्याप्त मात्रा में मिल रही है। दूसरी ओर साथ लगते खतरवाड़ी, समकल व हरवाणी में किसानों की सैकड़ों बीघा जमीन को सिंचाई सुविधा से बाहर कर दिया है, जोकि तर्कसंगत नहीं है। अगर सीमेंट कारखाना 20 साल बाद स्थापित होता है, तब तक उस एवज में इस क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए कौन जिम्मेवार है। प्रशासन को इस ओर ध्यान केंद्रित करके किसानों को उक्त सुविधाएं मुहैया करवाने की पहल करनी चाहिए। बैठक में मंच सचिव सुरेश कुमार, सहसंयोजक जय राम, समकल वार्ड की सदस्य राम प्यारी और युवक मंडल के प्रधान रमेश कुमार, मनोज कुमार, जगदीश कुमार, अमनदीप, बिमला, अंजना देवी, रिया, नरपत राम, पवन कुमार व वरुण सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।