भांबला/बलद्वाड़ा (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट के भांबला में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। भांबला निवासी दया राम (72 ) पुत्र खजाना राम गांव व डाकघर भांबला तहसील बलद्वाड़ा जिला मंडी मंगलवार रात करीब सात बजे भांबला के जोल गांव में समारोह में गए थे।
वह वहां से खाना खाकर वापस स्कूटी पर घर आ रहे थे तो सड़क पर स्कूटी स्किड हो गई। इस कारण गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग घायल को निजी गाड़ी में नागरिक अस्पताल बलद्वाड़ा ले गए जहां पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस थाना हटली की टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। डीएसपी संजीव गौतम ने मामले की पुष्टि की है।