मंडी। राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन शनिवार को जिलेभर के न्यायालयों में किया गया। इसमें 7,188 मामलों का मौके पर निपटारा किया। इन मामलों की कुल समझौता राशि 6,30,44,276 रुपये रही।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश तोमर की अध्यक्षता में इस लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विवेक कायस्थ ने बताया कि जिला मंडी के करसोग, थुनाग, गोहर, जोगिंद्रनगर, सुंदरनगर, पधर, सरकाघाट उपमंडलों तथा मंडी मुख्यालय में लोक अदालत बेंचों का गठन किया था।
इस अवसर पर कुल 12018 मामलों को सुनवाई के लिए प्री लोक अदालत सीटिंग्स एवं लोक अदालत की विभिन्न बेंचों के समक्ष रखा गया। इसमें से 7,188 मामलों का निपटारा विभिन्न पक्षों की आपसी सहमति से किया गया। इन मामलों में मोटर व्हीकल चालानों को भी रखा गया जिसमें से कुल 6197 मामलों का निपटारा किया गया।
........
यातायात चालान के 100 मामले निपटाए
थुनाग (मंडी)। राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर सिविल कोर्ट गोहर में मोटर वाहन अधिनियम के तहत हुए ट्रैफिक चालान के 100 मामले सुलझाए गए। इन मामलों से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से 1.03 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा लोक अदालत में अन्य 13 मुकद्दमों में समझौते हुए।