मंडी। उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि मंडी शहर में रेहड़ी-फड़ी लगाने के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं। नो वेंडिंग जोन में रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वह उपायुक्त कार्यालय में आयोजित बैठक में भाग ले रहे थे। उन्होंने कहा कि मंडी शहर के सौंदर्यीकरण और इसे स्वच्छ रखने के उद्देश्य से कई कदम उठाए जा रहे हैं। शहर को व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के लिए वेंडिंग जोन निर्धारित कर रेहड़ी-फड़ी लगाने को स्थान चिह्नित किए गए हैं। यहां पर उन्हें नगर परिषद के माध्यम से भी विभिन्न सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उपायुक्त कार्यालय के समीप जिला पुस्तकालय के सामने रेहड़ी फड़ी लगाने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध करवाया गया है जबकि पूर्व में यहां पर वाहनों की पार्किंग से स्थानीय प्रशासन को लगभग दस लाख रुपये की वार्षिक आय होती थी। उपायुक्त ने कहा कि इन सब प्रयासों के बावजूद कुछ तत्व अभी भी मंडी शहर में हर कहीं रेहड़ी-फड़ी लगा रहे हैं। इस कारण शहर में अव्यवस्था फैलने के साथ ही स्वच्छता भी प्रभावित होती है। चौहट्टा और इंदिरा मार्केट की छत पर पर्यटन विभाग की परियोजना के अंतर्गत सौंदर्यीकरण के कई कार्य किए गए हैं और यहां वरिष्ठ नागरिकों सहित आम जनता की चहल-कदमी लगातार रहती है। इन दोनों स्थलों को नो वेंडिंग जोन घोषित किया गया है और यहां पर रेहड़ी-फड़ी लगाने पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी राजीव कुमार, नगर परिषद के अधिकारी, रेहड़ी-फड़ीधारकों सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
....
करवाया जा चुका है कि आगाह
व्यापार मंडल, इंदिरा मार्केट के व्यापारियों और स्थानीय रेहड़ी-फड़ी धारकों को नो वेंडिंग जोन के बारे में पूर्व में ही अवगत करवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि सभी को अपना छिटपुट कारोबार चलाने के लिए उचित माध्यम मिले, मगर नियमों की अनुपालना न करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने रेहड़ी-फड़ी धारकों के आग्रह पर कूड़ा-कचरा ले जाने वाले वाहन के समय में आवश्यक परिवर्तन करने के भी निर्देश नगर परिषद के अधिकारियों को दिए।
000