मंडी। विदेशी तकनीक से लेस और हाई प्रोफाइल निजी अस्पतालों की तरह अब नेरचौक मेडिकल कॉलेज में दाखिल होने वाले रोगियों को बिस्तर पर दवाएं और टेस्ट रिपोर्ट मिलेगी। यह संभव होगा इफ्टो सिस्टम से। जिसे नरेचौक मेडिकल कालेज में स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से मरीजों को उनके बेड तक ही एयर ट्यूब से सभी दवाइयां, टेस्ट रिपोर्ट की सुविधा मशीन के जरिये मिल जाएंगी। यह जर्मन तकनीक है। बताया जा रहा है कि अब तक एम्स और पीजीआई में भी यह सुविधा शुरू नहीं हो सकी है। जिसे 15 जुलाई को नेरचौक मेडिकल कॉलेज में ओपीडी लगते ही शुरू कर दिया जाएगा। यह सुविधा वीआईपी से लेकर सामान्य मरीजों को मिलेगी। मेडिकल कालेज में ऐसे 42 सिस्टम स्थापित किए गए हैं। लिहाजा जिन सुविधाओं के लिए मरीजों और उनके तीमारदारों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था, अब इस तकनीक से सब कुछ आसान हो जाएगा।
एयर ट्यूब से बेड तक पहुंचेंगी दवाएं, रिपोर्ट
इफ्टो सिस्टम के अनुसार मरीजों को दवाइयां और टेस्ट रिपोर्ट सीधे उनके बेड पर मिलेंगे। इस सिस्टम से अस्पताल के सभी वार्डों, ओटी, फार्मेसी, लैब और इमरजेंसी सेवाओं को कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। पूरे अस्पताल में करीब 2 हजार मीटर की एयर ट्यूब बिछाई गई है। इनसे मांग के अनुसार दवाएं भेजी जाएंगी। जहां से यह दवाएं रोगियों तक पहुंचेगी। कुल 42 इफ्टो सिस्टम लगाए गए हैं।
ओपीडी शुरू होते ही लागू होगा सिस्टम : डा. डीएस धीमान
एलबीएस मेडिकल कालेज के डीन डा. डीएस धीमान ने कहा कि जैसे ही ओपीडी शुरू हो जाएगी इस सिस्टम को मरीजों की सुविधा के लिए शुरू कर दिया जाएगा। यह सुविधा सभी को एक समान रूप से दी जाएगी। इसके लिए अस्पताल में सभी प्रबंध किए जा चुके हैं।