सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर के परपंरागत देवता मेला में सुकेत रियासत के प्रमुख देवी-देवता इन दिनों शुकदेव ऋषि की तपोस्थली सुकेत की शोभा बढ़ा रहे हैं। देवी-देवताओं से आशीष पाने के लिए हजारों की तादाद में भक्तजन आस्था के इस पर्व में हाजिरी देने को उमड़ रहे हैं। रियासत के आराध्य देव मूल माहूंनाग के प्रति लोगों की आस्था का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि देव दर्शन के लिए लोगों को लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है।
बुधवार से शुरू हुए पांच दिवसीय सुकेत देवता मेले में इस वर्ष करीब 150 देवी-देवता सुंदरनगर तथा मंडी जनपद से पधारे हैं। दिन भर मेला स्थल जवाहर पार्क में श्रद्धालुओं को दर्शन देकर धन्य करने के बाद देवी-देवता यजमानों के निमंत्रण पर उनका आतिथ्य भी स्वीकार कर रहे है। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की ध्वनि से सुंदरनगर में माहौल पूरी तरह से देवमय हो गया है। देवता मेले में श्रद्धालुओं को एक साथ दर्जनों देवताओं के दर्शन हो रहे हैं। श्रद्धालुगण देवी-देवताओं के आगे माथा टेक सुख शांति की मन्नत मांग रहे हैं। सुकेत देवता मेले में आराध्य देव मूल मांहू नाग, देव कमरुनाग, देव बड़ायोगी, ममलेश्वर महादेव, शनिदेव, सत बाड़ा देव भनवाड़ और नालनी, माता नैना उग्र तारा, चामुंडा काली तथा देव बाला टीका सहित अनेक देवी-देवता देव समागम की शोभा बढ़ा रहे हैं। शुक्रवार को मौसम खुशगवार होने से देव दर्शनों के लिए दिनभर श्रद्धालुओं का मेला स्थल पर हुजूम उमड़ पड़ा। इधर, रियासत के आराध्य देव मूल माहूनाग, देव कमरूनाग तथा देव बड़ायोगी की सुरक्षा को लेकर पुलिस महकमा पूरी चौकसी बरत रहा है। देवताओं की सुरक्षा को लगे पुलिस जवान चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखे हुए हैं। राज्यस्तरीय नलवाड़ एवं देवता मेला कमेटी के अध्यक्ष राहुल चौहान ने बताया कि मेले के दौरान अब तक किसी भी अप्रिय घटना का समाचार नहीं है। मेले में आने वाले श्रद्धलुओं की सुख सुविधा के लिए मेला कमेटी की तरफ से हर तरह के इंतजाम किए गए हैं।