चौंतड़ा (मंडी)। मंडी-पठानकोट एनएच पर डिस्पेंसरी चौक पर हुए हादसे में घायल बाइक सवार की मौत हो गई। बुधवार देर रात उसने पालमपुर के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया, जिसका वीरवार को अंतिम संस्कार कर दिया। यह हादसा बुधवार को डिस्पेंसरी चौक पर हुआ था, जिसमें महिंद्रा जीप और बाइक में जोरदार टक्कर हो गई।
घटना में बाइक सवार रोहित कुमार निवासी खलेई बुरी तरह से घायल हो गया था। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौंतड़ा में प्राथमिक उपचार के बाद घायल को टांडा रेफर कर दिया गया था, परंतु उसकी गंभीर व बिगड़ी हालत को देखकर उसके संबंधियों ने उसे पालमपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया। यहां पर चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बाद भी घायल को नहीं बचाया जा सका। उसने बुधवार देर रात दम तोड़ दिया। पुलिस चौकी घट्टा के प्रभारी सब इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के बाद परिजनों ने घायल युवक को पालमपुर के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था, जहां उसने दम तोड़ दिया है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं घटना के हर पहलू की गहनता जांच की जा रही है।