मंडी। मनाली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर नौ मील के समीप चट्टान गिरने से मुर्गों से लदा एक ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक समेत तीन लोग घायल हो गए हैं। बुधवार सुबह साढ़े छह बजे के करीब यह हादसा पेश आया। चट्टान गिरने के बाद यह ट्रक पैराफिट से संभल गया नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना में 500 के लगभग मुर्गे मर गए। जबकि, तीनों घायल व्यक्तिओं को मंडी अस्पताल में उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह साढ़े छह बजे के करीब पंजाब से कुल्लू की ओर जा रहा मुर्गों से लदा ट्रक नौ मील के समीप चट्टान की चपेट में आ गया है। चट्टान ट्रक के बीचोंबीच गिरी और ट्रक पैरापिट से जा टकराया। पैरापिट के कारण यह ट्रक खाई में गिरने से बच गया। ट्रक को चालक कृपाल सिंह निवासी पंजाब चला रहा था। जबकि, गुरबचन सिंह और सुरेंद्र सिंह निवासी पंजाब भी ट्रक में उसके साथ कुल्लू की ओर जा रहे थे। यदि यह चट्टान ट्रक के आगे गिरती तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं, पैरापिट होने से भी यह बड़ा हादसा टला है। तीनों घायलों में से सुरेंद्र कुमार निवासी पंजाब को अधिक चोटें लगी हैं। सूचना मिलते ही पंडोह पुलिस चौकी घटनास्थल पर पहुंची। तीनों घायलों को मंडी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। चौकी प्रभारी पंडोह हेमराज ने हादसे की पुष्टि की है।