पांव फिसलने से खड्ड में गिरा, दो किमी दूर जाकर बरामद हुआ शव
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
थुनाग (मंडी)। जंजैहली थाना क्षेत्र की झूंडी पंचायत के जूड़ गांव निवासी 64 वर्षीय कर्म सिंह पुत्र रामू की थुनाग की रोपा खड्ड में डूबने से मौत हो गई। परिवार के सदस्यों के मुताबिक कर्म सिंह वीरवार सुबह 9:30 बजे पत्तियां लाने खड्ड की तरफ गया था, जहां पांव फिसलने वह खड्ड में गिर गया। व्यक्ति का शव करीब दो किलोमीटर की दूरी पर खड्ड में बरामद हुआ है। पुलिस ने शव बरामद कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
सूचना मिलने पर जंजैहली पुलिस, अग्निशमन और होमगार्ड के जवान मौके पर पहुंचते ही चट्टानों के बीच फंसे व्यक्ति को निकालने में जुट गए, लेकिन तब तक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार और आसपास के ग्रामीणों के बयान कलमबद्ध किए जा रहे हैं। झूंडी पंचायत प्रधान नोक सिंह ठाकुर ने बताया कि कर्म सिंह सुबह के समय खेत के लिए काम करने को गया हुआ था, लेकिन बीते बुधवार रात अधिक मात्रा में हुई बारिश से खड्ड का जलस्तर उफान पर था। खड्ड के किनारे खेत में काम करते वक्त व्यक्ति का पांव फिसल गया और पानी के तेज बहाव में बह गया। उधर, एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।