दस कमरों का दो मंजिला मकान जलकर
राख, दो अन्य मकानों को भी नुकसान
थाची के बसुट गांव की घटना, दो मवेशी भी जिंदा जले, लाखों का नुकसान
अमर उजाला ब्यूरो
बालीचौकी (मंडी)। थाची पंचायत के बसुट गांव में आग से दस कमरों का दो मंजिला मकान जलकर राख हो गया है। प्रभावित परिवार को लाखों का नुकसान हुआ है। हादसे के वक्त घर में कोई भी मौजूद नहीं था। घर में अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। लोगों ने एकत्र होकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। इस दौरान गौशाला में बंधी दुधारू गऊ और बछड़ा जिंदा जल गए। देखते ही देखते पूरा मकान आग से स्वाह हो गया। वहीं, सूचना मिलते ही तहसीलदार हीरा चंद नलबा मौके पर पहुंचे और प्रभावितों को तिरपाल और कंबल समेत दस हजार रुपये फौरी राहत राशि भी प्रदान। वहीं, आग से साथ के अन्य दो मकानों को भी आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है।
काष्ठ का बना था मकान
मिली जानकारी के अनुसार पंचायत थाची के बसुट गांव से संबंध रखने वाले निक्का राम पुत्र सेश राम के घर में अचानक बुधवार को दोपहार बाद आग लगने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। वहीं बिक्रम राम और आलम चंद के मकान को भी आंशिक नुकसान हुआ है। इस रिहायशी मकान में ज्यादातर लकड़ी का प्रयोग हुआ था, जिससे मकान को आग ने तुरंत अपनी चपेट में ले लिया।
गांव वालों की सूझबूझ बचे अन्य मकान
सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया। आग भयंकर थी। लोगों ने पानी और मिट्टी से आग बुझाने की कोशिश की। वहीं, गांव वालों ने अपनी सूझबूझ से साथ लगते मकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया। आग की इस घटना में 30 लाख से भी अधिक नुकसान होने का अनुमान है। वहीं पंचायत थाची के प्रधान निर्मला देवी भी मौके पर पहुंच कर बचाव व राहत कार्य में जुट गई थी। पंचायत प्रधान निर्मला देवी ने सरकार से प्रभावितों के लिए उचित सहायता प्रदान करने की गुहार भी लगाई है।